कटनी वार्ड 41 उपचुनाव की तैयारियां तेज, कलेक्टर आशीष तिवारी बने रिटर्निंग ऑफिसर
नामांकन से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय, निर्वाचन क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू

नामांकन से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय, निर्वाचन क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 1 सितंबर 2026। नगर पालिक निगम कटनी के वार्ड क्रमांक 41 में पार्षद पद के लिए होने वाले उप निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति कर दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार कलेक्टर आशीष तिवारी को वार्ड क्रमांक 41 के पार्षद पद के उप निर्वाचन के लिए रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। वहीं संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम कटनी जितेन्द्र कुमार पटेल को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत वार्ड क्रमांक 41 के पार्षद पद के लिए नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की कार्रवाई कलेक्टर कार्यालय के प्रथम तल स्थित कक्ष क्रमांक 60 में की जाएगी। प्रशासन द्वारा निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं और प्रक्रियाओं को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा करने की तैयारी की जा रही है।
इधर, उप निर्वाचन को देखते हुए जिले के संबंधित नगरीय एवं पंचायत निर्वाचन क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश भी लागू किए गए हैं। प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य उप निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है। चुनाव कार्यक्रम के साथ ही अब वार्ड क्रमांक 41 में राजनीतिक गतिविधियां और चुनावी सरगर्मियां भी तेज होने की संभावना है।




