कन्हवारा में 27 अगस्त को लगेगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शिविर
सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के लंबित मामलों के निराकरण के साथ पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के लंबित मामलों के निराकरण के साथ पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कन्हवारा में आयोजित होने वाले शिविर की तिथि में बदलाव किया गया है। रक्षाबंधन के अवसर पर अवकाश के चलते कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर अब यह शिविर शुक्रवार 28 अगस्त के स्थान पर गुरुवार 27 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।
शिविर का आयोजन पंचायत भवन कन्हवारा में किया जाएगा। शिविर में कन्हवारा सहित पिलौंजी, डिठवारा, जोबीकलां, खमतरा, पूंछी, बिस्तरा, कछगवांजोबा, मतवारपड़रिया, पठरा, बडेरा एवं पटवारा पंचायतों के नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का निराकरण किया जाएगा।
शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान का अवसर मिलेगा। अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ अधिकतम निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा शिविर में प्राप्त आवेदनों पर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के नागरिकों से शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि उनका यथासंभव मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।




