ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन पर्व को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट
शांति समिति की बैठकों में सौहार्द बनाए रखने की अपील, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च

शांति समिति की बैठकों में सौहार्द बनाए रखने की अपील, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च,
विकास साहू कटनी न्यूज 24
कटनी। आगामी ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने और पर्वों के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों से चर्चा कर सभी से पर्वों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की गई।
बैठकों में पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी विवादित या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की समझाइश दी। साथ ही विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सद्भाव बनाए रखने पर जोर दिया गया।
सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर
पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप सहित अन्य माध्यमों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। आमजन से अपील की गई है कि साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा विवादित पोस्ट और संदेशों को न तो प्रसारित करें और न ही साझा करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक सामग्री के जरिए माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस का फ्लैग मार्च
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के नेतृत्व में कोतवाली थाना क्षेत्र के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और नागरिकों को शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च में डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, थाना प्रभारी कोतवाली राखी पाण्डेय, थाना प्रभारी माधवनगर शैलेन्द्र यादव, थाना प्रभारी यातायात अनुप सिंह, महिला थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पर्वों को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।




