Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

स्वतंत्रता दिवस पर नगर निगम में शान से लहराया तिरंगा, महापौर प्रीति संजीव सूरी ने किया ध्वजारोहण

राष्ट्रगान के साथ गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया शहर के विकास का संकल्प

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी, 15 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम कटनी कार्यालय परिसर में शनिवार सुबह 8 बजे गरिमामय वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ, जिसके साथ पूरा निगम परिसर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया।
समारोह में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित महापौर-इन-काउंसिल के सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, जयनारायण निषाद, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद वंदना राजकिशोर यादव, शकुंतला सोनी, रेखा संजय तिवारी, गोविंद चावला, मछुआरा प्रकोष्ठ के सह संयोजक श्याम निषाद, पूर्व पार्षद राजकिशोर यादव एवं डब्बू रजक, उपायुक्त शैलेश गुप्ता, श्रीमती प्रियंका झारिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और राष्ट्रनायकों को नमन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।
स्वतंत्रता अधिकार के साथ जिम्मेदारी का भी बोध कराती है : महापौर
ध्वजारोहण के बाद महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहरवासियों और निगम परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए शहर के विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में योगदान देना चाहिए।
महापौर ने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा कटनी शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही शहर विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।
नागरिक सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें : निगमायुक्त
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को निरंतर स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए नागरिकों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यों के माध्यम से शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर सकते हैं। इससे शहर के साथ-साथ प्रदेश और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
समारोह के दौरान निगम परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का संचालन श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपायुक्त शैलेश गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, आदेश जैन, मृदुल मिश्रा, मोना करेरा, जायेंद्र प्रताप सिंह बघेल, शैलेन्द्र प्यासी सहित नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के संकल्प के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!