
कार्यालय कलेक्ट्रेट और निगम कार्यालय के प्रवेश द्वार पर स्थापित स्टॉल से नागरिक गण निर्धारित दर पर क्रय कर सकेंगे राष्ट्रीय ध्वज
🔳कटनी – ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर तिवारी के निर्देश पर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा कार्यकाल कलेक्ट्रेट एवं नगर निगम कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर तिरंगा स्टॉल लगाया गया है।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के मार्गदर्शन में स्थापित इन स्टॉल का संचालन ओम शांति महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। स्टॉल पर नागरिकों को निर्धारित दर 28 रुपये के मान से 20*30 इंच 2/2.5 फिट का तिरंगा तथा 25-25 रूपये के मान से बैच एवं हैंड बैंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों, आम नागरिक के साथ ही अधिकारियों-कर्मचारी भी इस स्टॉल से निर्धारित दर पर राष्ट्रीय ध्वज प्राप्त कर सकते हैं।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने तथा राष्ट्रीय ध्वज को भारतीय ध्वज संहिता के प्रावधानों एवं उसकी गरिमा के अनुरूप सम्मानपूर्वक फहराने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
निगम प्रशासन द्वारा शासकीय एवं निजी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य संस्थाओं से भी अभियान में सहभागिता का आग्रह किया गया है।

