तिरंगे के सम्मान में कटनी पुलिस की भव्य वाहन रैली, शहर में गूंजे भारत माता के जयकारे
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने संभाली रैली की कमान, शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

कटनी, 9 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत रविवार को कटनी पुलिस द्वारा राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा वाहन रैली निकाली गई। रक्षित केंद्र कटनी से शुरू हुई इस रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर किया। पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता से शहर में देशभक्ति का माहौल नजर आया।
रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक्स) शिवा पाठक सहित जिले के विभिन्न थानों और रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। निरीक्षक संजय दुबे, अनूप सिंह, राखी पाण्डेय, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, उमेश दुबे, संजीव रावत, अंजू लकड़ा तथा सूबेदार सोनम उइके सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल ने रैली में सहभागिता की।
तिरंगा लेकर शामिल हुए विद्यार्थी
रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा’ के नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
रैली रक्षित केंद्र कटनी से प्रारंभ होकर कलेक्टर-एसपी कार्यालय, माधवनगर चौराहा, मिशन चौक, चांडक चौक, घंटाघर, गर्ग तिराहा, खिरहनी ब्रिज, बरही नाका, सुभाष चौक, थाना तिराहा और बरगवां होते हुए मिशन चौक के रास्ते पुनः रक्षित केंद्र पहुंची।
रैली के दौरान यातायात पुलिस ने मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए। रैली के अग्रभाग में यातायात मोबाइल वाहन और साउंड सिस्टम के माध्यम से राष्ट्रभक्ति से जुड़े संदेश प्रसारित किए गए।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
तिरंगा वाहन रैली के शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरने के दौरान स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। कई स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। हाथों में तिरंगा लिए नागरिकों की मौजूदगी और भारत माता के जयघोष से शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
एसपी ने की नागरिकों से तिरंगा फहराने की अपील
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश के सम्मान, गौरव और एकता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराकर अभियान में सहभागी बने और आने वाली पीढ़ियों में भी राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करे।
कटनी पुलिस द्वारा आयोजित तिरंगा वाहन रैली ने शहरवासियों के बीच राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश पहुंचाया। पुलिस बल, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की संयुक्त सहभागिता ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।




