माफिया राज और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
माफियाओं के बढ़ते आतंक पर सरकार को घेरा, पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई मांग

माफियाओं के बढ़ते आतंक पर सरकार को घेरा, पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई मांग
कटनी। मध्यप्रदेश में बढ़ते माफिया राज, बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और प्रदेश में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई।
जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर के अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में शराब, रेत और खनिज माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। माफियाओं के बढ़ते आतंक के कारण आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं। हाल ही में शराब माफिया द्वारा खातौंगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की ट्रक से कुचलकर की गई हत्या ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जब कानून की रक्षा करने वाले पुलिस अधिकारी ही माफियाओं के हमलों का शिकार हो रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदेश में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता नजर आ रहा है और माफिया तंत्र लगातार मजबूत हो रहा है।
एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश में माफियाओं का आतंक और कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों और माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है। कांग्रेस की मांग है कि माफियाओं को संरक्षण देने वाले लोगों की भी निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
ज्ञापन में रखीं प्रमुख मांगें
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, प्रदेश में सक्रिय माफियाओं के अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने, माफियाओं को संरक्षण देने वालों की निष्पक्ष जांच कराने तथा पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके साथ ही कटनी जिले में भी अवैध गतिविधियों और माफिया तंत्र पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की मांग उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने शासन-प्रशासन से इस गंभीर मामले में तत्काल संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करने की मांग की, ताकि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इस विरोध प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला के साथ प्रेम बत्रा, राजा जगवानी, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, श्याम पाहुजा, आफताब अहमद, विजय मंगल चौधरी, अहमद कुरैशी, राहुल होतवानी, नारायण निषाद, राजकुमार विश्वकर्मा, रमेश अहिरवार, कपिल पटेल, अंशु गुप्ता, ऋषभ पटेल, लक्ष्मी यादव, इकलाख अहमद एवं हर्षित मिश्रा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




