कैमोर में नवरात्र की धूम, मां दुर्गा के भव्य पंडालों में उमड़ रहे श्रद्धालु
अडानी एसीसी और एवरेस्ट रामलीला मैदान में स्थापित की गईं मां भगवती की आकर्षक प्रतिमाएं, नौ दिनों तक होंगे धार्मिक आयोजन

अडानी एसीसी और एवरेस्ट रामलीला मैदान में स्थापित की गईं मां भगवती की आकर्षक प्रतिमाएं, नौ दिनों तक होंगे धार्मिक आयोजन,
कैमोर। शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही कैमोर क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति में सराबोर हो गया है। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में नवरात्र पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जगह-जगह मां भगवती की प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान शुरू किए गए हैं।
इसी क्रम में अडानी एसीसी रामलीला मैदान और कैमोर एवरेस्ट रामलीला मैदान में मां भगवती की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। आकर्षक साज-सज्जा से सजे पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। नौ दिनों तक दोनों स्थानों पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सुबह-शाम महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
प्रतिमा स्थापना के अवसर पर एसीसी अडानी कैमोर के महाप्रबंधक सुदीप्त मंडल, इंटक यूनियन अध्यक्ष पंकज पीढ़ियां, एचआर प्रमुख दिनेश पाठक, नगर परिषद कैमोर के पूर्व उपाध्यक्ष अजय शर्मा सहित एसीसी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, लेडीज क्लब की सदस्य, इंटक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नवरात्र पर्व के चलते पूरे कैमोर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मां भगवती के जयकारों से पंडाल गूंज रहे हैं और श्रद्धालु सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ आदिशक्ति की आराधना कर रहे हैं।




