वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश, बड़े बकायेदारों के नाम होंगे सार्वजनिक
Katni

वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश, बड़े बकायेदारों के नाम होंगे सार्वजनिक,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। वित्तीय वर्ष की समाप्ति में पांच माह शेष रहने के मद्देनजर नगर निगम ने राजस्व वसूली तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर गंभीरता से वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगमायुक्त ने बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उनके नाम सार्वजनिक करने के निर्देश दिए। वहीं, नगर निगम की दुकानों का बकाया किराया वसूलने और भुगतान नहीं करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार तालाबंदी की कार्रवाई करने को कहा। दुकानों में शिकमी किरायेदारों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
नामांतरण प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण
बैठक में ऑनलाइन नामांतरण प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा संबंधित रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। लंबित प्रकरणों में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक को कर्मचारियों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय से कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
बैठक में सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक सहित राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक और सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।




