माधव वर्सी मेले की तैयारियां तेज, निगमायुक्त ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
उपायुक्त प्रियंका झारिया होंगी नोडल अधिकारी, सफाई, प्रकाश, पेयजल और यातायात व्यवस्था पर रहेगा फोकस

उपायुक्त प्रियंका झारिया होंगी नोडल अधिकारी, सफाई, प्रकाश, पेयजल और यातायात व्यवस्था पर रहेगा फोकस,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। माधव नगर में 9 और 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले सतगुरु बाबा नारायण शाह साहिब एवं सतगुरु बाबा माधव शाह साहिब के वर्सी मेले को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपते हुए समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
मेले की समग्र व्यवस्था के लिए उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके समन्वय में मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों की मरम्मत एवं पेंचवर्क, प्रकाश व्यवस्था, सीवर संबंधी सुधार और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
दो बार होगी विशेष सफाई, कचरा प्रबंधन के होंगे इंतजाम
मेला क्षेत्र और आसपास के मार्गों पर प्रतिदिन दो बार विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कचरा संग्रहण के लिए पर्याप्त डस्टबिन और कचरा पात्र रखे जाएंगे। साथ ही कीटनाशक दवाओं के छिड़काव, मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था और नियमित कचरा उठाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी
श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए मेला क्षेत्र के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। अतिक्रमण प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई करने तथा मार्गों को बाधा मुक्त रखने की जिम्मेदारी दी गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन और आवश्यक अमला भी उपलब्ध रहेगा।
समय-सीमा में पूरी होंगी सभी व्यवस्थाएं
निगमायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तैयारियों की प्रगति से वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से अवगत कराने को कहा गया है।




