टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

स्लीमनाबाद को ‘हरिदासपुर’ नाम देने की प्रक्रिया तेज, शासन को भेजा गया प्रस्ताव

संत हरिदास महाराज की तपोभूमि को मिलेगी नई पहचान, रेलवे स्टेशन और डाकघर का नाम बदलने की भी तैयारी

संत हरिदास महाराज की तपोभूमि को मिलेगी नई पहचान, रेलवे स्टेशन और डाकघर का नाम बदलने की भी तैयारी,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी, 14 अक्टूबर। कटनी जिले के स्लीमनाबाद को ‘हरिदासपुर’ के नाम से नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संत हरिदास जी महाराज की तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध इस क्षेत्र का नाम परिवर्तन करने के प्रस्ताव पर प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप नाम परिवर्तन से संबंधित 14 बिंदुओं की जानकारी संकलित कर बुधवार को आयुक्त, भू-संसाधन प्रबंधन को भेज दी गई है। अब शासन स्तर पर प्रस्ताव की समीक्षा के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम सभा में पारित हुआ था नाम परिवर्तन का प्रस्ताव

स्लीमनाबाद का नाम बदलकर हरिदासपुर करने का प्रस्ताव ग्राम पंचायत स्लीमनाबाद की ग्राम सभा में पारित किया गया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों से आवश्यक जानकारी और अभिमत प्राप्त किए। इसमें एसडीएम बहोरीबंद, तहसीलदार स्लीमनाबाद, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बहोरीबंद, स्टेशन प्रबंधक स्लीमनाबाद और प्रवर अधीक्षक डाकघर, जबलपुर संभाग के प्रतिवेदन शामिल हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर निर्धारित 14 बिंदुओं की जानकारी तैयार कर संबंधित अधिकारी को भेजी गई है।

संत हरिदास महाराज की तपोभूमि से जुड़ी है क्षेत्र की पहचान

स्लीमनाबाद का नाम हरिदासपुर किए जाने की मांग के पीछे स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक परंपरा को प्रमुख आधार माना जा रहा है। यह क्षेत्र संत हरिदास जी महाराज की तपोभूमि के रूप में जाना जाता है। संत के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी श्रद्धा है। यहां उनके नाम और स्मृतियों से जुड़ा ‘मंदिर बंगला’ नामक पुराना स्थान भी स्थित है। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि क्षेत्र का नाम संत हरिदास महाराज के नाम पर रखा जाना उनकी आध्यात्मिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

अंग्रेज कर्नल स्लीमन के नाम से पड़ा था स्लीमनाबाद

उपलब्ध ऐतिहासिक जानकारी के अनुसार, वर्ष 1843 में अंग्रेज कर्नल स्लीमन ने गोविन्द मालगुजार से 96 एकड़ भूमि लेकर यहां बस्ती बसाई थी। इसके बाद यह क्षेत्र स्लीमनाबाद के नाम से प्रसिद्ध हुआ। राजस्व अभिलेखों में वर्ष 1909-10 से ‘कोहका उर्फ स्लीमनाबाद’ नाम दर्ज होने का उल्लेख मिलता है। वहीं, वर्ष 1989-90 के बंदोबस्त के बाद अभिलेखों में स्लीमनाबाद नाम दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

रेलवे स्टेशन और डाकघर को भी मिलेगी नई पहचान

प्रस्ताव पर नियमानुसार अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद नाम परिवर्तन का प्रभाव केवल ग्राम और तहसील तक सीमित नहीं रहेगा। स्लीमनाबाद रोड रेलवे स्टेशन और स्थानीय डाकघर का नाम भी बदलने की तैयारी है। रेलवे स्टेशन स्लीमनाबाद ग्राम से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित है। जिला प्रशासन द्वारा भेजी गई जानकारी के अनुसार, रेलवे और भारतीय डाक विभाग के संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से भी नाम परिवर्तन के लिए सहमति दिए जाने का उल्लेख है।

फिलहाल प्रस्ताव शासन स्तर पर विचाराधीन है। अंतिम निर्णय और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही स्लीमनाबाद को हरिदासपुर के नाम से नई पहचान मिलने का रास्ता साफ होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!