
ज्योति सिंह चौहान की पहल से कटनी मार्बल को जीआई टैग दिलाने की कवायद तेज,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। कटनी के प्रसिद्ध मार्बल को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग दिलाने की दिशा में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने पहल तेज कर दी है। इसी सिलसिले में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र में बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान, जिला खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित सहित जिले की मार्बल इकाइयों के संचालक मौजूद रहे।
बैठक में जीआई टैग प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और मार्बल इकाई संचालकों की भूमिका पर चर्चा की गई। जीआई आवेदन में सह-आवेदक के रूप में शामिल होने के लिए ‘कटनी मार्बल एसोसिएशन’ गठित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि जीआई टैग मिलने से कटनी मार्बल को विशिष्ट पहचान और कानूनी संरक्षण मिलेगा। इससे दूसरे क्षेत्रों के मार्बल को ‘कटनी मार्बल’ के नाम से बेचने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही उत्पाद की ब्रांड वैल्यू बढ़ने से बेहतर बाजार मूल्य, निर्यात के अवसर और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
बैठक में जीआई टैग की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के समन्वय से आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया। इससे कटनी मार्बल की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत होने के साथ जिले की औद्योगिक ब्रांडिंग को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।




