2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान, जनभागीदारी से होंगे सेवा कार्य
Katni

2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान, जनभागीदारी से होंगे सेवा कार्य,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। गांधी जयंती के अवसर पर जिले में सामाजिक सहभागिता और जनसेवा को बढ़ावा देने के लिए 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलाया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत आयोजित इस अभियान में स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृद्धजनों और अनाथ बच्चों की सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, वृक्षारोपण, सैनिकों व उनके परिवारों का सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अभियान को व्यापक जनभागीदारी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। जिला, विकासखंड, नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को जोड़ा जाएगा।
अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान से होगी। इस दौरान स्वच्छता कर्मियों का सम्मान, श्रमदान, स्वच्छता जागरूकता रैली और प्लास्टिक मुक्त परिसर का संकल्प दिलाया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों, जलस्रोतों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों और शासकीय परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
3 अक्टूबर को स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जहां सामान्य स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं 4 अक्टूबर को वृद्धाश्रम और अनाथालयों में सेवा गतिविधियां आयोजित कर भोजन, फल एवं जरूरत की सामग्री वितरित की जाएगी।
6 अक्टूबर को नेत्र परीक्षण शिविर और 8 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियां होंगी। दिव्यांगजनों को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार की जानकारी देने के साथ सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
9 अक्टूबर को वृहद वृक्षारोपण अभियान के साथ सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘एक पेड़ मां के नाम’, ‘एक व्यक्ति-एक पौधा’ जैसी पहल के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाएगा।
अभियान के अंतिम दिन 10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता की जाएगी। विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पुस्तकें, कॉपियां, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उनकी शिक्षा में निरंतर सहयोग के लिए समाज के सक्षम लोगों और सामाजिक संगठनों को जोड़ा जाएगा।
प्रशासन का उद्देश्य अभियान को महज एक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को जनजीवन का हिस्सा बनाना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के साथ नागरिकों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।




