सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर सड़कों पर उतरा कटनी, पीपीपी मॉडल के खिलाफ विशाल जनआंदोलन
Katni

सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर सड़कों पर उतरा कटनी, पीपीपी मॉडल के खिलाफ विशाल जनआंदोलन,
कटनी। जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना और पीपीपी मॉडल के विरोध में शनिवार, 31 अक्टूबर को कटनी एक्शन कमेटी के नेतृत्व में विशाल जनरैली निकाली गई। रैली में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को बुलंद आवाज दी।
रैली मुड़वारा रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर अहिंसा तिराहा, मिशन चौक, आजाद चौक, शेर चौक और झंडा बाजार होते हुए सुभाष चौक पहुंची। पूरे मार्ग में प्रदर्शनकारियों ने ‘पीपीपी मॉडल वापस लो’ और ‘कटनी को सरकारी मेडिकल कॉलेज देना होगा’ जैसे नारों के साथ अपना विरोध दर्ज कराया। सुभाष चौक पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
सभा को संबोधित करते हुए कटनी एक्शन कमेटी के संयोजक कृष्णा ने कहा कि कटनी जिले में उच्च शिक्षा के पर्याप्त संस्थान नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। वहीं बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में आम जनता को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जिले की जरूरतों को देखते हुए पीपीपी मॉडल के बजाय पूर्णतः सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना बेहद जरूरी है।
राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने दिया समर्थन
जनरैली को विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिला। इसमें कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, आदित्य जैन,समाजवादी पार्टी से डॉ. ए.के. खान, पिछड़ा समाज पार्टी यूनाइटेड से चैतू भाई पटेल एवं देवदीन गुप्ता, भीम आर्मी से संदीप चौधरी तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से दरियाप सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, तीन प्रमुख मांगें उठाईं
रैली के समापन पर कटनी एक्शन कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपकर जिले के शैक्षणिक और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं—
- पीपीपी मॉडल के स्थान पर कटनी में पूर्णतः सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाए।
- जिले में युवाओं के तकनीकी शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज खोला जाए।
- विद्यार्थियों को विधि शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकारी विधि महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) स्थापित किया जाए।
रैली में कटनी एक्शन कमेटी के संदीप, मनीष, अर्जुन, रजनीश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
इस जनरैली के माध्यम से कटनी की जनता ने स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया कि जिले के विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और युवाओं के शैक्षणिक भविष्य के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज सहित अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना अब प्रमुख जनमांग बन चुकी है।




