सीपीसीटी प्रमाण-पत्र जमा नहीं करना और कार्यशैली में लापरवाही पड़ी भारी, सहायक ग्रेड-3 की सेवाएं समाप्त
नगर निगम में पदस्थ दीपक दुबे पर निगमायुक्त तपस्या परिहार की कार्रवाई, अनुकंपा नियुक्ति की शर्तों का पालन नहीं करने पर तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त

नगर निगम में पदस्थ दीपक दुबे पर निगमायुक्त तपस्या परिहार की कार्रवाई, अनुकंपा नियुक्ति की शर्तों का पालन नहीं करने पर तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। नगर निगम में पदस्थ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और शासकीय सेवा की निर्धारित शर्तों के पालन को लेकर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में पदीय दायित्वों के निर्वहन में लगातार लापरवाही बरतने और अनुकंपा नियुक्ति के तहत निर्धारित अनिवार्य अर्हता पूरी नहीं करने पर नगर निगम के राजस्व विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 दीपक दुबे की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत यह कार्रवाई करते हुए आदेश जारी किया है।
लगातार शिकायतों के बावजूद कार्यशैली में नहीं हुआ सुधार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक दुबे के विरुद्ध शासकीय कार्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने और कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके चलते कार्यालयीन कामकाज भी प्रभावित हो रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर चेतावनी दिए जाने के बावजूद उनकी कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
तीन साल में सीपीसीटी परीक्षा उत्तीर्ण करना था अनिवार्य
निगम प्रशासन के अनुसार, दीपक दुबे को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करते समय निर्धारित शर्तों के तहत तीन वर्ष के भीतर सीपीसीटी परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया था। निर्धारित समयावधि में प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर उन्हें नोटिस जारी कर जवाब देने का अवसर दिया गया। इसके बाद मानवीय आधार पर उन्हें एक वर्ष का अतिरिक्त समय भी प्रदान किया गया, लेकिन इस अवधि में भी वे अनिवार्य परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण-पत्र जमा नहीं कर सके।
अंतिम अवसर मिलने के बाद भी नहीं दी परीक्षा उत्तीर्ण होने की जानकारी
कार्रवाई से पहले दीपक दुबे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ अपना पक्ष रखने और सुनवाई के पर्याप्त अवसर दिए गए। अगस्त 2026 में हुई सुनवाई के दौरान भी उन्हें सितंबर माह में आयोजित सीपीसीटी परीक्षा में शामिल होकर उत्तीर्ण होने तथा प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर दिया गया था। इसके बावजूद निर्धारित अतिरिक्त समय में भी वे परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण-पत्र कार्यालय में प्रस्तुत नहीं कर सके।
नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने निर्धारित अवसर दिए जाने के बावजूद अनुकंपा नियुक्ति की शर्तों का पालन नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (सेवा की सामान्य शर्तें) नियम, 1961 के नियम 8(5) के तहत दीपक दुबे की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं। निगम प्रशासन की इस कार्रवाई को शासकीय दायित्वों में लापरवाही और नियुक्ति की शर्तों की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों के प्रति सख्त प्रशासनिक रुख के तौर पर देखा जा रहा है।




