टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

पत्रकारों की एकजुटता और अधिकारों की आवाज बनेगा श्रमजीवी पत्रकार संघ : पलक नामित ग्रोवर

कैमोर इकाई के प्रथम सम्मेलन में पत्रकारों का सम्मान, मोनू खान अध्यक्ष और दुर्गा प्रसाद बर्मन महासचिव मनोनीत

नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष का नागरिक अभिनंदन; पत्रकार हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती का लिया संकल्प,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कैमोर। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की कैमोर इकाई का प्रथम सम्मेलन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में पत्रकारों की एकजुटता, उनके अधिकारों की रक्षा, संगठन के विस्तार और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद कैमोर की अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि श्रीमती पलक नामित ग्रोवर ने कहा कि मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ प्रदेश का अग्रणी संगठन है, जो पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहा है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज के प्रति संगठन की रचनात्मक भूमिका सराहनीय है।

उन्होंने जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राजपूत के प्रयासों की सराहना करते हुए सम्मेलन में आमंत्रित करने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही कैमोर इकाई की नवनियुक्त कार्यकारिणी को बधाई देते हुए सभी पदाधिकारियों के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

पत्रकारों के हितों के लिए जिलेभर में जारी है संघर्ष : डॉ. सुरेंद्र राजपूत

संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि जिलेभर में पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पत्रकारों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नगर परिषद कैमोर के उपाध्यक्ष संतोष केवट ने नवनियुक्त कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से नगर के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर कैमोर के विकास के लिए प्रयास करना चाहिए। डॉ. सुरेंद्र राजपूत के अनुभव और संघर्षशील कार्यशैली से प्रेरणा लेने की बात भी उन्होंने कही।

उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए पत्रकारों का सम्मान

सम्मेलन के दौरान जिलेभर से पहुंचे पत्रकारों को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सामाजिक सरोकारों के प्रति सक्रियता के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में संघ के जिला महासचिव अज्जू सोनी, वरिष्ठ पत्रकार अनंत गुप्ता, अनिल चावला, डॉ. मनोज खरे, डॉ. ज्योति राजपूत, संतोष तोमर, रमेश नामदेव, दीनदयाल रजक, अजय विश्वकर्मा, सुखचैन पटेल, गुलशन चक्रवर्ती, मनीष नावेद, आसिफ खान, सुनील सिंगोट, श्याम गुप्ता, संत शरण सिंह, दुर्गा प्रसाद बर्मन, राजेश चक्रवर्ती, दीपक वेद, पूनम वेद और निसार अली सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।

इस अवसर पर नगर परिषद कैमोर की अध्यक्ष श्रीमती पलक नामित ग्रोवर, उपाध्यक्ष संतोष केवट तथा भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष भवानी मिश्रा का भी नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, सामाजिक दायित्वों और स्थानीय विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

मोनू खान अध्यक्ष, दुर्गा प्रसाद बर्मन को महासचिव की जिम्मेदारी

सम्मेलन के दूसरे चरण में मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की कैमोर इकाई की कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से मोनू खान को इकाई अध्यक्ष तथा दुर्गा प्रसाद बर्मन को महासचिव मनोनीत किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

इस दौरान जिला महासचिव अज्जू सोनी, डॉ. मनोज खरे, डॉ. ज्योति राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष भवानी मिश्रा, मनीष नावेद, नवनियुक्त अध्यक्ष मोनू खान, वरिष्ठ पत्रकार अनिल चावला और गुलशन चक्रवर्ती सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, संगठनात्मक एकजुटता और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।

संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

सम्मेलन में उपस्थित पत्रकारों ने मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ को और अधिक मजबूत बनाने, पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।

कैमोर इकाई का यह प्रथम सम्मेलन संगठन के विस्तार और पत्रकारों के बीच समन्वय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम का संचालन मनीष नावेद ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नवनियुक्त इकाई अध्यक्ष मोनू खान ने किया। अंत में स्नेह भोज के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!