टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

जन-समस्याओं के समाधान के लिए 23 अक्टूबर को कांटी में लगेगा शिविर, अधिकारियों को शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश

Katni

कटनी। आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कांटी के पंचायत भवन में शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराकर उनके निराकरण की पहल कर सकेंगे।

अभियान के तहत जिले में 7 अगस्त से लगातार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अधिकारी प्रत्येक शुक्रवार को मैदानी भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्रवाई कर रहे हैं।

24 पंचायतों के नागरिकों को मिलेगी सुविधा

शुक्रवार को आयोजित शिविर में विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के देवरकलां और कांटी क्लस्टर की कुल 24 पंचायतों के नागरिक शामिल हो सकेंगे। इनमें देवरकलां, हरदुआकला, भैसवाही, पड़खुरी, टिकरिया, संगवारा, रजरवारा-2, मेहगांव, जिजनौड़ी, अमेहटा, सुरमा, खरखरी, कांटी, मोहास, देवसरी इंदौर, पड़वई, जुगिया, सिजहनी, जिवारा, मुड़ेहरा, पोनिया, बरेहटा, रजरवारा-1 और घुन्नौर पंचायत शामिल हैं।

लंबित शिकायतों के निराकरण पर जोर

कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अधिकतम शिकायतों का समाधान शिविर से पहले ही किया जाए, जबकि शेष मामलों का निराकरण शिविर स्थल पर करने का प्रयास किया जाए। जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव नहीं होगा, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर आवेदकों को जानकारी दी जाएगी।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!