गणेश विसर्जन और वर्षी मेले की तैयारियों की महापौर ने की समीक्षा
सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और निर्माल्य संकलन की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और निर्माल्य संकलन की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं वर्षी मेले को लेकर नगर पालिक निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने और आयोजन के दौरान सफाई एवं स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
महापौर ने गणेश विसर्जन स्थलों, चलित एवं कृत्रिम विसर्जन कुंडों तथा आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सफाई अमला और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विसर्जन के दौरान लगातार सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।
वर्षी मेले को लेकर उन्होंने प्रमुख क्षेत्रों में नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय, कचरा संग्रहण और पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेले के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा।
महापौर ने नागरिकों से पूजा-पाठ से निकलने वाले निर्माल्य एवं पूजन सामग्री को खुले में या जलस्रोतों में नहीं डालने की अपील की। उन्होंने निगम के पूजा स्पेशल वाहन के माध्यम से निर्माल्य का संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में शहर में कीटनाशी एवं मच्छररोधी दवा के छिड़काव की भी समीक्षा की गई। महापौर ने आवश्यकता वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर नियमित छिड़काव कराने और मैदानी अमले के माध्यम से इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रमुख मार्गों, जुलूस मार्गों, बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर आवारा मवेशियों के नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
महापौर ने अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए गणेश विसर्जन और वर्षी मेले के दौरान नागरिकों को बेहतर स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।




