Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

रंगों में सजा बच्चों का ‘सपनों का भारत’, निकिता बर्मन ने हासिल किया पहला स्थान

सेवा से संकल्प अभियान के तहत तीन निगम विद्यालयों के 53 विद्यार्थियों ने चित्रों में उकेरी स्वच्छ, विकसित और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना

कटनी। सेवा से संकल्प अभियान के तहत नगर निगम द्वारा आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साधुराम स्कूल परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में नगर निगम के तीन विद्यालयों के 53 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर रंगों और रेखाओं के माध्यम से भारत के भविष्य की अपनी कल्पना को कागज पर उकेरा।
प्रतियोगिता में किसी विद्यार्थी ने स्वच्छ और सुंदर शहर की तस्वीर प्रस्तुत की तो किसी ने हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं कई चित्रों में आधुनिक तकनीक, बेहतर शिक्षा, विकास और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना देखने को मिली। विद्यार्थियों ने तिरंगे के रंगों से लेकर आधुनिक भारत की तस्वीर तक अपनी कल्पनाओं को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया।
तीन विद्यालयों के 53 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में साधुराम स्कूल के 15, के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक शाला के 20 और ए. रविंद्र राव स्कूल के 18 विद्यार्थियों सहित कुल 53 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। निर्धारित थीम पर चित्र तैयार करते हुए विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण, शिक्षा, तकनीकी विकास और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों को प्रमुखता से चित्रित किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके चित्रों में देश के भविष्य को लेकर उनकी सोच और सपनों की झलक दिखाई दी। आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही देश और समाज के प्रति अपने विचार व्यक्त करने का अवसर भी दिया।
निकिता बर्मन प्रथम, प्रांशु द्वितीय
प्रतियोगिता में के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक शाला की छात्रा निकिता बर्मन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। साधुराम स्कूल के प्रांशु ने द्वितीय तथा ए. रविंद्र राव स्कूल के दीपू चौधरी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं साधुराम स्कूल के अमित सिंह और ए. रविंद्र राव स्कूल की आंचल चौधरी को सांत्वना स्थान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए विद्यार्थियों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर संचालनालय से आए अधिकारी ओ.पी. झा, सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी सहित तीनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अधिकारियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों की कला प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।

विकास साहू कटनी न्यूज 24 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!