प्रेमनगर में लॉटरी से 102 आवासों का पारदर्शी आवंटन, गृह प्रवेश के साथ खिले हितग्राहियों के चेहरे
K

प्रेमनगर में लॉटरी से 102 आवासों का पारदर्शी आवंटन, गृह प्रवेश के साथ खिले हितग्राहियों के चेहरे
राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24
कटनी, 09 सितंबर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने पक्के घर का लंबे समय से इंतजार कर रहे 102 परिवारों का सपना बुधवार को साकार हो गया। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा योजना के एएचपी घटक के अंतर्गत प्रेमनगर बस्ती में निर्मित 102 आवासों का पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से आवंटन किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की गरिमामय उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों को आवास आवंटन पत्र सौंपे गए।
लॉटरी से हितग्रिताओं ने चुना अपना आवास
निगम प्रशासन ने आवास आवंटन की प्रक्रिया को पारदर्शी रखते हुए पात्र हितग्राहियों को स्वयं लॉटरी के माध्यम से आवास क्रमांक चुनने का अवसर दिया। हितग्रिताओं ने पर्चियां निकालकर अपने आवास का चयन किया। जैसे-जैसे नाम और आवास क्रमांक सामने आते गए, कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और खुशी का माहौल बनता गया।
लंबे समय से पक्के मकान की आस लगाए बैठे परिवारों के लिए यह अवसर भावुक करने वाला भी रहा। आवास मिलने की खुशी उनके चेहरों पर साफ दिखाई दी।
102 परिवारों को मिला सुरक्षित भविष्य का आधार
प्रेमनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित इन 102 आवासों का आवंटन उन परिवारों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो लंबे समय से अपने स्वयं के पक्के घर की प्रतीक्षा कर रहे थे। आवास मिलने से इन परिवारों को सुरक्षित और स्थायी छत के साथ अपने जीवन में स्थायित्व की नई उम्मीद मिली है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। नगर निगम द्वारा योजना के पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ दिलाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
महापौर, निगमाध्यक्ष और निगमायुक्त ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने आवास प्राप्त करने वाले सभी हितग्राहियों को शुभकामनाएं दीं।
महापौर ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपना पक्का घर केवल चार दीवारें नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार होता है। उन्होंने हितग्राहियों से अपने आवास और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने तथा स्वच्छ कटनी के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।
नए घर में गृह प्रवेश, खुशी से भर उठा माहौल
आवास आवंटन के बाद हितग्राही सुभाष कुरिल एवं सीमा श्रीवास्तव ने अपने-अपने आवंटित आवास में कलश पूजन एवं जल अर्पित कर विधिवत गृह प्रवेश किया। इस दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने दोनों हितग्राहियों को नए घर के लिए शुभकामनाएं देते हुए सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
नए घर की दहलीज पर पहुंचते ही दोनों परिवारों की खुशी देखते ही बन रही थी। वर्षों से संजोया अपना घर होने का सपना पूरा होने पर हितग्रिताओं ने शासन एवं निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
नियमों का पालन करना होगा अनिवार्य
योजना के नोडल अधिकारी अनिल जायसवाल ने बताया कि आवास आवंटन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं मापदंडों के अनुसार पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई है। हितग्राहियों को आवास आवंटन से संबंधित नियमों की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि आवास की निर्धारित संपूर्ण राशि जमा करने के बाद ही आधिपत्य पत्र जारी किया जाएगा। आवंटित आवास का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करना अनिवार्य होगा। आवास को किराये पर देने अथवा किसी अपात्र व्यक्ति को रहने देने की स्थिति में आवंटन निरस्त किया जा सकता है और संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हितग्रिताओं ने कहा—आज वर्षों पुराना सपना हुआ पूरा
आवास आवंटन के बाद हितग्रिताओं ने खुशी जताते हुए कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उन्हें सुरक्षित और स्थायी आशियाना मिला है।
उन्होंने कहा कि लॉटरी के माध्यम से स्वयं अपने आवास का चयन करना और इसके बाद आवंटन पत्र प्राप्त करना उनके लिए यादगार पल रहा। यह सिर्फ मकान मिलने की खुशी नहीं, बल्कि परिवार को सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक जीवन का आधार मिलने का अवसर है।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, नोडल अधिकारी अनिल जायसवाल, उपयंत्री जेपी सिंह बघेल सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राही मौजूद रहे।




