दधिकांदो शोभायात्रा के लिए निगम की तैयारियां तेज, सफाई-पेयजल और रोशनी व्यवस्था पर विशेष जोर

दधिकांदो शोभायात्रा के लिए निगम की तैयारियां तेज, सफाई-पेयजल और रोशनी व्यवस्था पर विशेष जोर,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। 72वें दधिकांदो महोत्सव के तहत रविवार, 6 सितंबर को निकलने वाली भगवान श्री मुरली मनोहर जी की भव्य शोभायात्रा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुविधा को देखते हुए निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर ने संबंधित अधिकारियों को शोभायात्रा मार्ग और आयोजन स्थलों की व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
निगमायुक्त ने शोभायात्रा मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन, स्ट्रीट लाइट और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। आवश्यकता वाले स्थानों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराने तथा स्वागत स्थलों पर वालेंटियर्स की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैले, इसके लिए सफाई अमले को विशेष निगरानी रखने के लिए कहा गया है।
भगवान श्री मुरली मनोहर जी की शोभायात्रा श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर सुभाष चौक, खेरमाई मंदिर, केपीएस चौराहा, घंटाघर, गर्ग चौराहा, हरेश्वर मंदिर, बड़े गणेश मंदिर, गोल बाजार, रामलीला मैदान, कामानिया गेट, हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, कपड़ा बाजार और जवाहर चौक होते हुए पुनः श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंचेगी।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के साथ ही महोत्सव के दौरान शोभायात्रा मार्ग और कार्यक्रम स्थलों पर निगम की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।




