Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

थोड़ी सी बारिश में मदन मोहन चौबे वार्ड बना तालाब, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

थोड़ी सी बारिश में मदन मोहन चौबे वार्ड बना तालाब, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

बंधवा टोला में सड़क पर भरा बारिश का पानी, नालियों की सफाई नहीं होने से रहवासी परेशान

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी।।शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम के दावों के बीच मदन मोहन चौबे वार्ड के बंधवा टोला से सामने आई तस्वीरें व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। बुधवार को हुई थोड़ी सी बारिश के बाद ही क्षेत्र की सड़क पर तालाब जैसी स्थिति बन गई। सड़क पर इतना पानी भर गया कि लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र की नालियां पहले से ही गंदगी और कचरे से भरी हुई हैं। बारिश का पानी निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर जमा हो गया। हालात ऐसे नजर आए कि मानो सड़क नहीं, बल्कि कोई छोटा तालाब बन गया हो। लोगों ने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि इसी तरह पानी भरा रहा तो सड़क पर मछलियां भी पाली जा सकती हैं।
बारिश के दौरान सड़क पर जमा पानी में छोटे-छोटे बच्चे भी खेलते और नहाते नजर आए। बच्चों के लिए यह भले ही मनोरंजन का साधन रहा हो, लेकिन रहवासियों के लिए जलभराव बड़ी परेशानी और चिंता का कारण बना हुआ है।
रहवासियों का कहना है कि जलभराव और नालियों की सफाई को लेकर पहले भी नगर निगम में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए और बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि हर बारिश में सड़क पर जलभराव की स्थिति न बने।
अब सवाल यह है कि जब थोड़ी सी बारिश में ही सड़क तालाब में तब्दील हो रही है, तो तेज बारिश के दौरान क्षेत्र के हालात क्या होंगे? रहवासियों को उम्मीद है कि नगर निगम इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!