शराब के नशे में ट्रक दौड़ा रहा था चालक, बड़वारा पुलिस ने वाहन किया जब्त
ब्रीथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन की पुष्टि, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज

ब्रीथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन की पुष्टि, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज,
कटनी। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कटनी पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में ट्रक चलाते एक चालक को पकड़कर ट्रक जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में 31 अक्टूबर 2026 को बड़वारा पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने ट्रक क्रमांक RJ 11 GD 5189 को रोककर चालक की जांच की।
ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच करने पर चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। चालक की पहचान राजेश कुमार (35 वर्ष), पिता ठाकुर सुखवीर सिंह, निवासी रामपुर, थाना अखरवाल, जिला अलीगढ़, राजस्थान के रूप में हुई।
पुलिस ने तत्काल ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया और चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की। प्रकरण के निराकरण के लिए इस्तगासा माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इनकी रही अहम भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत एवं आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन कर किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।




