टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर से सजेगा श्री बजरंग कटाये घाट मेला, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण

महापौर प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में हुई आयोजन समिति की बैठक, सुरक्षा, स्वच्छता, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था को लेकर तैयार होगी विशेष कार्ययोजना

महापौर प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में हुई आयोजन समिति की बैठक, सुरक्षा, स्वच्छता, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था को लेकर तैयार होगी विशेष कार्ययोजना,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े श्री बजरंग कटाये घाट मेले का आयोजन इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर किया जाएगा। आगामी 24 नवंबर को मधई मंदिर से परंपरागत जुलूस निकाला जाएगा, जिसके साथ मेले का भव्य शुभारंभ होगा। मेले को इस बार और अधिक आकर्षक, व्यवस्थित एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इसी क्रम में मंगलवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में मेला आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए विभिन्न सुझाव दिए। साथ ही मेले में सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेलकूद एवं मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों को शामिल करने पर सहमति बनी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

इस वर्ष मेले में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेल प्रतियोगिताएं, विज्ञान प्रदर्शनी, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं, सुंदरकांड, श्रीकृष्ण रासलीला, दीपावली नृत्य और लेजर लाइट शो प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए जाएंगे, ताकि मेले में आने वाले लोगों को मनोरंजन के साथ यादगार अनुभव मिल सके।

महापौर ने व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के दिए निर्देश

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने अधिकारियों एवं शाला प्राचार्यों को निर्देशित किया कि मेले से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने मेला परिसर में साफ-सफाई, आकर्षक साज-सज्जा, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्राथमिक उपचार, एम्बुलेंस और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों के आवागमन, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखने तथा मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधियों ने दिए बेहतर आयोजन के सुझाव

बैठक में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामचंद्र तिवारी ने आकर्षक सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था के साथ बच्चों की शैक्षणिक रुचि बढ़ाने वाले कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। वहीं चमनलाल आनंद ने ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए विशेष गतिविधियां शामिल करने की बात कही।

इसके अलावा मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, सुगम आवागमन, दुकानों का व्यवस्थित ले-आउट और खेल प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त मैदान विकसित करने जैसे सुझाव भी सामने आए।

सुरक्षा और सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस

मेले को व्यवस्थित रूप देने के लिए सभी कार्यक्रमों का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल तैयार करने पर चर्चा हुई। साथ ही महिलाओं, बच्चों और युवाओं की रुचि के अनुसार कार्यक्रम निर्धारित करने तथा दुकानों को तय स्थानों पर व्यवस्थित रूप से लगाने की योजना बनाई गई। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और निगरानी व्यवस्था के साथ आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि पिछले वर्ष मेले के दौरान सामने आई समस्याओं और इस बार बैठक में प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी। नगर निगम का प्रयास है कि इस वर्ष श्री बजरंग कटाये घाट मेला भव्य आयोजन के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित स्वरूप में संपन्न हो।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, उमेद्र अहिरवार, जयनारायण निषाद, तुलसा गुलाब बेन, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामचंद्र तिवारी, चमनलाल आनंद, उपायुक्त शैलेश गुप्ता एवं प्रियंका झारिया, पार्षद शशिकांत तिवारी, सचिन बहरे, गोविंद चावला, सीमा श्रीवास्तव, सुनीता चौधरी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, अनुराग त्रिसोलिया, अम्बरीश वर्मा, समाजसेवी अजय सरावगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा एवं अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, पूर्व प्राचार्य राजेंद्र कौर लांबा, प्रभारी सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री जयेन्द्र प्रताप सिंह, राज ललित गुमास्ता, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी निशांत कनोजिया, प्रभारी कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित संबंधित शालाओं के प्राचार्य, शिक्षक एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!