टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड को मिली विकास कार्यों की सौगात, 28.47 लाख रुपये से होंगी सड़कें चकाचक

महापौर प्रीति संजीव सूरी ने किया डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन, गुप्ता गली, नाकरा गली सहित विभिन्न मार्गों का होगा कायाकल्प

महापौर प्रीति संजीव सूरी ने किया डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन, गुप्ता गली, नाकरा गली सहित विभिन्न मार्गों का होगा कायाकल्प,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। शहर में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को आवागमन में राहत देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में लगभग 28.47 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न सड़क डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सीमा श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

तीन प्रमुख कार्यों पर खर्च होंगे 28.47 लाख रुपये

वार्ड में स्वीकृत विकास कार्यों के तहत गुप्ता गली एवं नाकरा गली में 9.91 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कराया जाएगा। वहीं, बग्घा बाबा गेट से काली मंदिर होते हुए संजीव खरे के घर तक लगभग 10.04 लाख रुपये की लागत से सड़क का डामरीकरण किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड के अन्य चिन्हित मार्गों पर 8.52 लाख रुपये की लागत से सड़क सुधार एवं डामरीकरण के कार्य कराए जाएंगे।

इन कार्यों के पूरा होने से वार्ड की सड़कों की स्थिति में सुधार होगा और नागरिकों को गड्ढों, धूल तथा आवागमन संबंधी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र की बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी।

नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता : महापौर

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि शहर का विकास तभी सार्थक है, जब नागरिकों को अपने क्षेत्र में बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलें। नगर निगम द्वारा वार्डों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़कों का सुधार होने से आवागमन सुगम होगा और नागरिकों के समय की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे और शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार हो। सड़क डामरीकरण जैसे कार्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के साथ ही क्षेत्र की व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पार्षद सीमा श्रीवास्तव ने जताया आभार

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सीमा श्रीवास्तव ने वार्ड में विकास कार्यों की शुरुआत पर महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वार्ड की आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क डामरीकरण कार्यों को स्वीकृति मिलने से स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!