बस स्टैंड में निगम की बड़ी कार्रवाई, पांच कबाड़ कारोबारियों पर 15 हजार का जुर्माना; अवैध गैस रिफिलिंग पर सिलेंडर जब्त
सार्वजनिक मार्ग पर कबाड़ फैलाकर कारोबार करने वालों को दी गई चेतावनी, अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर निगम की सख्ती

सार्वजनिक मार्ग पर कबाड़ फैलाकर कारोबार करने वालों को दी गई चेतावनी, अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर निगम की सख्ती,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर निगम की स्वास्थ्य एवं अतिक्रमण शाखा की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड परिसर में कार्रवाई करते हुए अव्यवस्थित तरीके से कबाड़ का कारोबार करने वाले पांच व्यवसायियों पर कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने पाया कि कुछ कबाड़ व्यवसायियों द्वारा सार्वजनिक मार्ग तक सामग्री फैलाकर कारोबार किया जा रहा था। इससे बस स्टैंड परिसर में गंदगी फैलने के साथ यात्रियों और आम नागरिकों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। टीम ने मौके पर ही संबंधित व्यवसायियों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई करते हुए उन्हें निर्धारित स्थान और सीमा में ही व्यवसाय संचालित करने की हिदायत दी। साथ ही भविष्य में सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी गई।
अवैध गैस रिफिलिंग पर कार्रवाई, सिलेंडर जब्त
बस स्टैंड के बाहर अवैध गैस रिफिलिंग का मामला सामने आने पर निगम की अग्निशमन एवं अतिक्रमण शाखा की संयुक्त टीम ने भी तत्काल कार्रवाई की। मौके पर घरेलू गैस सिलेंडर से ऑटो में अनधिकृत रूप से गैस भरते पाए जाने पर गैस सिलेंडर जब्त कर लिया गया।
निगम प्रशासन के अनुसार, बिना वैध अनुमति और आवश्यक अग्नि सुरक्षा इंतजामों के इस तरह गैस रिफिलिंग करना गंभीर लापरवाही है। इससे आगजनी और विस्फोट जैसी बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है, जिससे आम नागरिकों की जान-माल को नुकसान पहुंच सकता है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता, सार्वजनिक मार्गों की सुगमता और नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन कर व्यवसाय संचालित करने वालों के विरुद्ध जुर्माना, जब्ती सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




