दीपावली पर पटाखों को लेकर सख्ती, बेरियम साल्ट और तेज आवाज वाले पटाखों पर प्रतिबंध
रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पटाखे फोड़ने पर रोक, ऑनलाइन और गैर-लाइसेंसी बिक्री भी प्रतिबंधित

रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पटाखे फोड़ने पर रोक, ऑनलाइन और गैर-लाइसेंसी बिक्री भी प्रतिबंधित,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। दीपावली के दौरान वायु एवं ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बरती है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आशीष तिवारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर बेरियम साल्ट से निर्मित, लड़ी वाले और निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखों के क्रय-विक्रय, भंडारण, परिवहन एवं उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे पटाखे, जिनकी ध्वनि विस्फोट स्थल से चार मीटर की दूरी पर 125 डेसीबल (एआई) अथवा 145 डेसीबल (सी) पीक से अधिक होती है, प्रतिबंध के दायरे में आएंगे। इसके अलावा एंटीमनी, लिथियम, मरकरी, आर्सेनिक, लेड और स्ट्रॉन्शियम क्रोमेट जैसे हानिकारक पदार्थों से निर्मित पटाखों की बिक्री एवं उपयोग पर भी रोक लगाई गई है।
ऑनलाइन बिक्री और शांत क्षेत्रों में पटाखे चलाने पर रोक
प्रशासन के आदेश के तहत ई-कॉमर्स कंपनियों और निजी व्यक्तियों के माध्यम से पटाखों की ऑनलाइन बिक्री के साथ ही गैर-लाइसेंसी बिक्री भी प्रतिबंधित रहेगी। अस्पतालों, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्रों, शिक्षण संस्थानों, न्यायालयों और धार्मिक स्थलों सहित घोषित शांत क्षेत्रों के 100 मीटर के दायरे में पटाखे चलाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध रहेगा।
पटाखों के कचरे का करना होगा उचित निपटान
पटाखे जलाने के बाद निकलने वाले कागज और अधजली बारूद से बच्चों तथा पशुओं को नुकसान पहुंचने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। पटाखों का कचरा जलस्रोतों और पेयजल स्रोतों के आसपास नहीं फेंकने की हिदायत दी गई है। नागरिकों को पटाखों से उत्पन्न कचरे को अलग एकत्रित कर नगर निगम के सफाई अमले को सौंपना होगा। नगर निगम एवं नगर परिषद को भी कचरे का पृथक संग्रहण और उचित निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
कलेक्टर आशीष तिवारी ने संबंधित कार्यालयों, पुलिस थानों, राजस्व अधिकारियों तथा ग्रामीण एवं शहरी निकायों के सूचना पटल पर प्रतिबंधात्मक आदेश प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली का त्योहार सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाएं और निर्धारित नियमों का पालन कर प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करें।




