पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, 13 शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान
Katni

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, 13 शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर को पुलिस लाइन झिंझरी स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। वहीं, कटनी जिले के 13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने देशभर में कर्तव्य के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद पुलिस परेड दल ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी अर्पित की और स्मृति परेड निकाली।
शहादत को याद करने का दिन
पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिवस का संबंध 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 भारतीय पुलिस जवानों के बलिदान से है। यह दिन पुलिस बल के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान
समारोह में कटनी जिले के शहीद पुलिसकर्मियों प्रधान आरक्षक श्रवण गर्ग, काशीराम यादव, राजेश शुक्ला, हृदय नारायण यादव, राम किशोर विश्वकर्मा, विनोद राय, प्रकाश सिंह, गया सिंह त्रिपाठी, अवधेश दुबे तथा आरक्षक राजेश गौतम, अशोक सोनी, तखत सिंह और हीरालाल केवट के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, जनप्रतिनिधि दीपक टंडन एवं अशोक विश्वकर्मा, एसडीएम जितेंद्र पटेल, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, डीएसपी आकांक्षा चतुर्वेदी और रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक सोनम उईके ने परेड कमांडर के रूप में किया, जबकि सहायक कमांडर की जिम्मेदारी रक्षित निरीक्षक अंजू लकड़ा ने निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन सीमा जैन ने किया।
शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।




