राबर्ट लाइन की दो सड़कों का होगा डामरीकरण, 47.11 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन
Katni

राबर्ट लाइन की दो सड़कों का होगा डामरीकरण, 47.11 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शहर के संत कंवरराम वार्ड स्थित राबर्ट लाइन में लंबे समय से सड़क निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों को राहत मिलने जा रही है। शुक्रवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने वार्ड की कन्या के हाथों लगभग 47 लाख 11 हजार रुपये की लागत से होने वाले दो सड़क डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन कराया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर होगी।
दोनों सड़कों में बजरंग बली मंदिर से अमर अमित आसरानी के घर तक 26 लाख 68 हजार रुपये तथा रामचंद पोपटमल की आढ़त से जे.के. वॉच के मकान तक 20 लाख 43 हजार रुपये की लागत से डामरीकरण किया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद गोविंद चावला, एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, वंदना यादव, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, गंगाराम कटारिया और समाजसेवी सौरभ अग्रवाल सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य कराना और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, तकनीकी कारणों से हुई देरी पर खेद जताते हुए विकास कार्यों को गति देने का आश्वासन दिया।
क्षेत्रीय पार्षद गोविंद चावला ने कहा कि दोनों सड़कों का डामरीकरण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। कार्य शुरू होने से नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने विकास कार्यों के लिए महापौर का आभार व्यक्त करते हुए वार्ड के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
सड़कों के डामरीकरण कार्यों की शुरुआत से स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल है। नागरिकों ने महापौर और क्षेत्रीय पार्षद के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि निर्माण कार्य समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएंगे।




