लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में 35 लाख रुपये के सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ, कन्या शिवि ने किया भूमिपूजन
नवरात्रि की पंचमी पर महापौर प्रीति सूरी ने किया मातृशक्ति का सम्मान, दो सीसी रोड का होगा निर्माण

नवरात्रि की पंचमी पर महापौर प्रीति सूरी ने किया मातृशक्ति का सम्मान, दो सीसी रोड का होगा निर्माण,
✍️राजेश कुमार तिवारी के साथ विकास साहू कटनी न्यूज 24
कटनी, 16 अक्टूबर। नगर निगम कटनी द्वारा शहर में विकास कार्यों को गति देने के क्रम में लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में लगभग 35 लाख 8 हजार रुपये की लागत से दो सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। नवरात्रि की पंचमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सरला मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वार्ड की कन्या शिवि के करकमलों से भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस दौरान महापौर ने मातृशक्ति का पुष्पहार पहनाकर सम्मान एवं अभिनंदन किया।
दो सड़कों के निर्माण पर खर्च होंगे 35.08 लाख रुपये
प्रस्तावित निर्माण कार्यों के तहत सुभाष तिवारी के घर से शंकर दुबे के घर तक लगभग 27 लाख 8 हजार रुपये तथा आनंद पटेल के घर से अशोक सोनी के घर तक लगभग 8 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों से वार्ड में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ सड़क व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने वार्ड की अन्य गलियों का निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार नगर निगम की प्राथमिकता है। विकास कार्यों के साथ क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी चिह्नित कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से निर्माण कार्यों में सहयोग करने, स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्ता पर ध्यान देने की अपील की।
मातृशक्ति का सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व मातृशक्ति की आराधना और सम्मान का प्रतीक है। इसी भावना के साथ महिलाओं का अभिनंदन किया गया। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समाधान करना भी है।
क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सरला मिश्रा ने सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत पर महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों सड़कों के निर्माण से स्थानीय रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, समाजसेवी डॉ. सुनील द्विवेदी, संतोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। विकास कार्यों के शुभारंभ पर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर, पार्षद एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।




