टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

नवरात्रि और दशहरा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश,

निर्धारित जलकुंडों में ही होगा प्रतिमा विसर्जन; 20 अक्टूबर को चौपाटी ग्राउंड में होगा रावण दहन

निर्धारित जलकुंडों में ही होगा प्रतिमा विसर्जन; 20 अक्टूबर को चौपाटी ग्राउंड में होगा रावण दहन,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। नवरात्रि, दशहरा सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आशीष तिवारी ने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, विद्युत व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन निर्धारित जलकुंडों में ही किया जाएगा और पंडालों व विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वहीं, 20 अक्टूबर को शाम 5 बजे से दशहरा चल समारोह शुरू होगा और शासकीय चिकित्सालय के पास स्थित चौपाटी ग्राउंड में रावण दहन किया जाएगा।

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों से प्राप्त सुझावों के आधार पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों में नवरात्रि, दशहरा, दीपावली, गुरुनानक जयंती और क्रिसमस पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

मिट्टी की प्रतिमाएं अनिवार्य, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

प्रशासन के निर्देशानुसार दुर्गा उत्सव समितियों को मिट्टी से निर्मित प्रतिमाएं स्थापित करनी होंगी। पीओपी से बनी प्रतिमाओं की स्थापना प्रतिबंधित रहेगी। उत्सव और गरबा समितियों के लिए संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारी अथवा पुलिस अधिकारियों से आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। पंडालों में सुरक्षित विद्युत कनेक्शन, सीसीटीवी कैमरे और अग्नि सुरक्षा सहित अन्य जरूरी इंतजाम भी करने होंगे।ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित अनुमति और नियमों के अनुसार ही किया जा सकेगा। प्रतिमा विसर्जन और पंडालों में डीजे प्रतिबंधित रहेगा। साउंड बॉक्स पर केवल भक्ति एवं धार्मिक गीत बजाने की अनुमति होगी। आपत्तिजनक गीतों, नारों और प्रतिबंधित गतिविधियों पर रोक रहेगी। पंडाल इस तरह स्थापित करने होंगे कि यातायात बाधित न हो। हाईटेंशन लाइन और विद्युत खंभों के आसपास असुरक्षित स्थापना नहीं की जा सकेगी। चल समारोह में लाठी-डंडे और अस्त्र-शस्त्र ले जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

नदियों और तालाबों में विसर्जन पर रोक

जवारा और दुर्गा प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए प्रशासन ने निर्धारित जलकुंडों के उपयोग पर जोर दिया है। 19 अक्टूबर को कटनी नदी के मोहन घाट, गाटर घाट सहित नगर निगम द्वारा निर्मित जलकुंडों में जवारा विसर्जन की व्यवस्था की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनपद पंचायतों और नगर परिषदों के सहयोग से आवश्यकतानुसार जलकुंड तैयार किए जाएंगे।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नदियों, तालाबों और नालों में सीधे जवारा विसर्जन नहीं किया जाएगा। अधिक जलभराव और दुर्घटना की आशंका के चलते शहरी क्षेत्र के कटाये घाट और अमीरगंज तालाब में जवारा एवं प्रतिमा विसर्जन प्रतिबंधित रहेगा। संवेदनशील स्थलों पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर उनका पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, पर्याप्त पुलिस बल और एसडीआरएफ की व्यवस्था की जाएगी। विसर्जन जुलूस के मार्ग पहले से निर्धारित कर आयोजन समितियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

20 अक्टूबर को शाम 5 बजे से निकलेगा दशहरा चल समारोह

दशहरा के दिन महाआरती के बाद शाम 5 से 6 बजे के बीच निर्धारित मार्गों से चल समारोह और प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया शुरू होगी। परंपरा के अनुसार सबसे पहले गोल बाजार रामलीला कमेटी के रावण महाराज, राम दरबार और दुर्गा प्रतिमा शामिल होंगे। इसके बाद पुलिस वाहन, घंटाघर रामलीला कमेटी का राम दरबार, हनुमानजी तथा अन्य दल और दुर्गा प्रतिमाएं चल समारोह में शामिल होंगी।चल समारोह के मार्ग पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल, चलित शौचालय, लाउडस्पीकर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकतानुसार मंच और टावर भी लगाए जाएंगे। मार्ग में आने वाले विद्युत एवं टेलीफोन तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।नवरात्रि की सप्तमी, अष्टमी, नवमी और दशहरा चल समारोह के दौरान आजाद चौक से सुभाष चौक सहित प्रमुख स्थानों पर ऑटो रिक्शा और चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। दशहरा के दिन शाम 5 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक चांडक चौक, घंटाघर, गर्ग चौराहा, सुभाष चौक और रेलवे स्टेशन स्थित शराब की दुकानें बंद रहेंगी।

चौपाटी ग्राउंड में होगा रावण दहन

दशहरा पर्व पर शासकीय चिकित्सालय के पास स्थित चौपाटी ग्राउंड में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन स्थल पर अग्निशमन वाहन, फायर सेफ्टी और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे और आवश्यकता के अनुसार पूरे क्षेत्र को जोन एवं सेक्टर में बांटकर प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की जाएगी।इसके अलावा सीवर कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की दशहरा से पहले मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत ट्रांसफॉर्मरों के आसपास अग्नि सुरक्षा के लिए रेत की बोरियां रखने और नीचे लटक रहे बिजली के तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने को भी कहा गया है।

पंडालों से अस्पतालों तक रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं

दुर्गा पंडालों, मंदिरों और आयोजन मार्गों पर साफ-सफाई, चूना लाइनिंग, प्रकाश, पेयजल और सड़क मरम्मत की व्यवस्था की जाएगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती रहेगी। प्रमुख स्थानों पर चिकित्सक, दवाइयों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी। जिला चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।18 से 20 अक्टूबर तक जिले की सीमाओं के संवेदनशील स्थानों, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। निर्धारित समय पर भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जिला और पुलिस कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर दूरभाष नंबरों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

गुरुनानक जयंती पर जुलूस मार्ग में रहेगी निगरानी

24 नवंबर को मनाए जाने वाले प्रकाश पर्व एवं गुरुनानक जयंती के लिए भी प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं। नगर संकीर्तन और वाहन रैली गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर बैंक ऑफ बड़ौदा, गर्ग चौराहा, घंटाघर, रघुनाथगंज, शेर चौक, आजाद चौक, मिशन चौक, सुभाष चौक और स्टेशन रोड से होते हुए पुनः गुरुद्वारा पहुंचेगी।जुलूस मार्ग और गुरुद्वारों में साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, पानी के टैंकर तथा अग्निशमन की व्यवस्था की जाएगी। महिला एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। निर्धारित मार्गों पर भारी और अन्य चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन रैली में शामिल होने वाले व्यक्तियों की सूची नगर पुलिस अधीक्षक को उपलब्ध करानी होगी। सभी वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य रहेगा। जुलूस और वाहन रैली में अस्त्र-शस्त्र, आतिशबाजी और डीजे साउंड का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।

सभी विभागों को समय सीमा में तैयारी पूरी करने के निर्देश

कलेक्टर आशीष तिवारी ने पुलिस, राजस्व, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य, यातायात, परिवहन, लोक निर्माण, आबकारी, जनपद पंचायतों और नगरीय निकायों सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सभी थाना क्षेत्रों में स्थानीय शांति समिति की बैठकें आयोजित कर सुझावों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।प्रशासन ने धार्मिक आयोजनों के दौरान भगदड़ और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए गृह विभाग के सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया है। साथ ही जिलेवासियों से सभी त्योहार आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!