त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी सख्त, कुठला थाने का किया औचक निरीक्षण
Katni

त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी सख्त, कुठला थाने का किया औचक निरीक्षण,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली पर्व को देखते हुए कटनी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। बुधवार देर शाम पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कुठला थाने का औचक निरीक्षण कर रात्रिकालीन ड्यूटी और पुलिसकर्मियों की सतर्कता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, गश्त व्यवस्था और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की जानकारी ली। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखने और रात्रि गश्त को लगातार मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि त्योहारी आयोजनों के दौरान पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहे और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रात्रिकालीन ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और प्रभावी पेट्रोलिंग के जरिए अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।




