बहोरीबंद वन परिक्षेत्र में चला स्वच्छता अभियान, पौधरोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
Katni

बहोरीबंद वन परिक्षेत्र में चला स्वच्छता अभियान, पौधरोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत वन परिक्षेत्र बहोरीबंद परिसर में वन विभाग द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, वन सुरक्षा श्रमिकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए परिसर की व्यापक साफ-सफाई की।
स्वच्छता अभियान के दौरान परिसर में मौजूद पॉलीथिन, डिस्पोजल सामग्री, झाड़ियां, कचरा एवं घास आदि को हटाकर उनका उचित निपटान किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी देवेश गौतम, सरपंच प्रतिनिधि ब्रजेश गुप्ता, ग्राम पंचायत बहोरीबंद के प्रतिनिधियों तथा वन विभाग के अमले ने बीजा के पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वनों को अवैध कटाई, आगजनी एवं अन्य नुकसान से बचाने तथा वन संपदा के संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से शपथ भी ली गई।
कार्यक्रम में परिक्षेत्र सहायक, वनरक्षक, स्थायीकर्मी, वन सुरक्षा श्रमिक सहित वन विभाग का अमला मौजूद रहा। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और वन संपदा की सुरक्षा का संदेश दिया गया।




