मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कटनी में कांग्रेस का प्रदर्शन, पैदल मार्च के बाद पुतला दहन
katni

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कटनी में कांग्रेस का प्रदर्शन, पैदल मार्च के बाद पुतला दहन,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कटनी द्वारा बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक से पैदल मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
पैदल मार्च सुभाष चौक से शुरू होकर थाना तिराहा होते हुए कचहरी चौराहा पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई। कचहरी चौराहे पर पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया।
प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार भी की गई। इससे मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन को नियंत्रित किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर पार्टी द्वारा देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है और इसी क्रम में कटनी में भी प्रदर्शन आयोजित किया गया। कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव व्यवस्था की मांग उठाई।
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता सौम्या संधेलिया, प्रेम बत्रा, अंशु मिश्रा, प्रियदर्शन गौर, सहित जिला एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




