जलकर बकायेदारों को राहत का मौका, 10 अक्टूबर तक 50 फीसदी जमा करने पर आधा बकाया माफ
अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे निगम के कैश काउंटर, अब तक 2,336 से अधिक उपभोक्ताओं ने लिया योजना का लाभ

अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे निगम के कैश काउंटर, अब तक 2,336 से अधिक उपभोक्ताओं ने लिया योजना का लाभ,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। नगर निगम द्वारा बकाया जलकर की वसूली और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए संचालित जलकर राहत योजना का लाभ लेने के लिए अब कुछ ही दिन शेष हैं। योजना की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके तहत मार्च 2026 तक के कुल बकाया जलकर की 50 प्रतिशत राशि एकमुश्त जमा करने पर शेष 50 प्रतिशत राशि माफ की जा रही है।
छुट्टी के दिन भी जमा कर सकेंगे जलकर
योजना का लाभ अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए निगम प्रशासन ने भुगतान की सुविधा का दायरा बढ़ाया है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर शनिवार, रविवार और अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में भी निगम मुख्यालय एवं जोन कार्यालयों के कैश काउंटर खुले रहेंगे। उपभोक्ता निर्धारित शिविरों के साथ ऑनलाइन माध्यम से भी बकाया जलकर जमा कर सकते हैं।
2,336 उपभोक्ताओं ने लिया लाभ, 179 कनेक्शन काटे
निगम के अनुसार अब तक 2,336 से अधिक उपभोक्ता जलकर राहत योजना का लाभ उठा चुके हैं। वहीं, बकाया जलकर जमा नहीं करने वाले 179 उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित किए जा चुके हैं। निगम द्वारा बकाया राशि की वसूली के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
10 अक्टूबर के बाद समाप्त हो जाएगी योजना
निगम प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना योजना का लाभ लें। 10 अक्टूबर तक मार्च 2026 तक के कुल बकाया जलकर की 50 प्रतिशत राशि एकमुश्त जमा करने पर ही शेष 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद इस विशेष राहत का लाभ नहीं मिल सकेगा।




