कटनी को मिली तीन नई यात्री बसों की सौगात कैमोर, बाकल और सलैया से कटनी के लिए संचालित होंगी बसें,
पैनिक बटन और जीपीएस से लैस रहेंगी

कटनी को मिली तीन नई यात्री बसों की सौगात
कैमोर, बाकल और सलैया से कटनी के लिए संचालित होंगी बसें, पैनिक बटन और जीपीएस से लैस रहेंगी,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत कटनी जिले के लिए तीन यात्री बसों का शुभारंभ किया। प्रदेश में 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कटनी में इन बसों का संचालन दीनदयाल कटनी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। बसें कैमोर, बाकल और सलैया से कटनी के बीच निर्धारित मार्गों पर संचालित होंगी। कैमोर से कटनी के बीच बस विजयराघवगढ़, देवरा और कन्हवारा होते हुए चलेगी। वहीं बाकल से कटनी की बस पटना, सलैया, रीठी, मगरधा, इमलिया और खरखरी होते हुए कटनी पहुंचेगी। सलैया से कटनी की बस पाली, लालपुर, रीठी, मोहास, मगरधा, इमलिया और खरखरी मार्ग से संचालित होगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी बसें
यात्रियों की सुरक्षा और बसों की निगरानी के लिए बसों में जीपीएस और पैनिक बटन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जीपीएस के जरिए बसों की लाइव लोकेशन की निगरानी की जा सकेगी, जबकि आपात स्थिति में पैनिक बटन यात्रियों की सुरक्षा में मददगार होगा।
इन बस सेवाओं के शुरू होने से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के नागरिकों को कटनी जिला मुख्यालय तक आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।




