मझगवां वेयरहाउस में शासकीय धान खराब होने का दावा, बोरों में उगे पौधे
वायरल वीडियो के बाद भंडारण व्यवस्था पर उठे सवाल, जांच के बाद सामने आएगी नुकसान की वास्तविक तस्वीर

वायरल वीडियो के बाद भंडारण व्यवस्था पर उठे सवाल, जांच के बाद सामने आएगी नुकसान की वास्तविक तस्वीर,
कटनी। मझगवां स्थित वेयरहाउस में भंडारित शासकीय धान के रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वेयरहाउस में रखी धान के कुछ बोरों में पानी पहुंचने और धान खराब होने के दावे किए जा रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में धान के बीच पौधे उगे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और भंडारण व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, मझगवां वेयरहाउस में किसानों से खरीदी गई शासकीय धान का भंडारण किया गया है। आरोप है कि उचित रखरखाव नहीं होने के कारण कुछ बोरों में पानी पहुंच गया, जिससे धान खराब होने लगी। वायरल वीडियो में धान के बोरों के आसपास और धान के बीच पौधे उगे नजर आ रहे हैं। हालांकि, कितनी मात्रा में धान खराब हुई है और इससे शासकीय स्तर पर कितना नुकसान हुआ है, इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर शिकायतें और खबरें सामने आने के बाद भी स्थिति स्पष्ट नहीं होने को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शासकीय उपज के भंडारण में लापरवाही सामने आती है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
वीडियो सामने लाने वाले युवक ने धमकी का लगाया आरोप
मामले में प्रिंस गौतम द्वारा खराब धान से संबंधित वीडियो सामने लाने और इसकी शिकायत अधिकारियों से करने की बात कही गई है। युवक ने आरोप लगाया है कि वीडियो और शिकायत के बाद उसे धमकियां मिल रही हैं। इस संबंध में एनकेजे थाना से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक आवेदन देने की बात भी सामने आई है। युवक का आरोप है कि उसे अपेक्षित पुलिस सहायता नहीं मिल पाई।
अब मामले में शासकीय धान के भंडारण और रखरखाव के साथ-साथ युवक द्वारा लगाए गए धमकी के आरोपों की जांच की मांग भी उठ रही है। प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धान खराब होने की वास्तविक वजह क्या रही, कितनी मात्रा में धान प्रभावित हुई और यदि लापरवाही सामने आती है तो उसके लिए कौन जिम्मेदार है।
इनका कहना है
नीलांबर मिश्रा, अपर कलेक्टर, कटनी ने कहा कि वेयरहाउस में धान खराब होने की जानकारी सामने आई है। नागरिक आपूर्ति विभाग से मामले की जानकारी ली जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




