बाढ़ पीड़ितों के बीच फिर पहुंची सेवादल यंग ब्रिगेड, घरों से कीचड़ निकालकर बांटी राहत सामग्री

बाढ़ पीड़ितों के बीच फिर पहुंची सेवादल यंग ब्रिगेड, घरों से कीचड़ निकालकर बांटी राहत सामग्री
राजेश साधेलिया कटनी न्यूज 24
कटनी। सतना जिले में आई भीषण बाढ़ के बाद प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सेवादल यंग ब्रिगेड की टीम एक बार फिर सेवा कार्य में जुटी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश और बाढ़ पीड़ित परिवारों से किए गए वादे को निभाते हुए कार्यकर्ताओं ने चित्रकूट सहित आसपास के प्रभावित गांवों में पहुंचकर घरों की सफाई की और जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
बाढ़ का पानी उतरने के बाद कई घरों में घुटनों तक कीचड़ जमा हो गया था। घरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। ऐसे में सेवादल यंग ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों के घरों से कीचड़ बाहर निकाला, सामान को व्यवस्थित किया और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई।
बताया गया कि बाढ़ के दौरान सेवादल की टीम सबसे पहले राहत सामग्री लेकर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंची थी। इसी दौरान बाढ़ पीड़ित परिवारों ने वीडियो कॉल के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। परिवारों ने बाढ़ के बाद घरों में जमा कीचड़ और नुकसान की जानकारी देते हुए मदद की अपील की थी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए थे।
प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने गांवों में सफाई अभियान चलाया। जरूरत के अनुसार कहीं राशन, कहीं साड़ियां, चटाइयां, तिरपाल और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
सेवा अभियान में कटनी से जिला अध्यक्ष आदित्य जैन नमन, प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी, सोशल मीडिया प्रदेश कोऑर्डिनेटर रेवती रमण उरमालिया, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित सिंह बघेल, सतना जिला अध्यक्ष उदित तिवारी, सतना शहर अध्यक्ष रितेश विश्वकर्मा, सीधी जिला अध्यक्ष संजय साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राहत और सफाई कार्य के दौरान कई प्रभावित परिवार भावुक नजर आए। पीड़ितों ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया और सेवा कार्य की सराहना की।
सेवादल यंग ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल आपदा के समय राहत सामग्री पहुंचाना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को सामान्य जीवन में लौटने तक हरसंभव सहयोग देना है।
प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बाढ़ पीड़ितों की मदद का जो वचन दिया था, उसे पूरा करना संगठन का दायित्व है। संकट की इस घड़ी में सेवादल यंग ब्रिगेड प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर आगे भी हरसंभव मदद जारी रखी जाएगी।




