सुभाष चौक शिविर में पहुंचे निगम अध्यक्ष, बकाया जलकर जमा करने नागरिकों से की अपील
मार्च 2026 तक के बकाया जलकर पर 50% मूलधन और 50% ब्याज की छूट का उठाएं लाभ : मनीष पाठक

मार्च 2026 तक के बकाया जलकर पर 50% मूलधन और 50% ब्याज की छूट का उठाएं लाभ : मनीष पाठक,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 3 सितंबर 2026। नगर निगम द्वारा बकाया जलकर की वसूली और नागरिकों को राहत योजना का लाभ दिलाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सुभाष चौक में आयोजित जलकर वसूली शिविर का नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने निरीक्षण किया और नागरिकों से संवाद कर बकाया जलकर जमा करने की अपील की।
निगम अध्यक्ष ने नागरिकों को जलकर राहत योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मार्च 2026 तक के बकाया जलकर पर 50 प्रतिशत मूलधन और 50 प्रतिशत ब्याज की छूट दी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर बकाया जलकर जमा कर इस विशेष राहत योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
मनीष पाठक ने कहा कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें नगर निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और मौके पर ही जलकर संबंधी बकाया राशि का निराकरण कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि जलकर से प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर की जलप्रदाय व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव के साथ ही आवश्यक सुधार और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किया जाता है। समय पर जलकर जमा करना नागरिकों की जिम्मेदारी के साथ शहर के विकास में उनकी सहभागिता भी है।
निगम अध्यक्ष ने शिविर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि राहत योजना की जानकारी नागरिकों को सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए और जलकर जमा करने आने वाले उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि राहत योजना का लाभ उठाते हुए अपने बकाया जलकर का जल्द से जल्द भुगतान करें और नगर निगम की जलप्रदाय व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करें।
इस दौरान पार्षद अवकाश जायसवाल, जलप्रदाय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




