कटनी में पुलिस का सरप्राइज चेकिंग अभियान तेज, देर रात तक सड़कों पर सघन निगरानी
हॉटस्पॉट और संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, बदमाशों की धरपकड़ के साथ यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई

हॉटस्पॉट और संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, बदमाशों की धरपकड़ के साथ यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज
कटनी। जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कटनी पुलिस ने सरप्राइज सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में देर शाम से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में विशेष निगरानी की।
चारों अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में थाना प्रभारियों और पुलिस बल ने संवेदनशील क्षेत्रों में बाइक पेट्रोलिंग के साथ पैदल भ्रमण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने के साथ गुंडे-बदमाश, निगरानीशुदा बदमाश, नकबजन, लुटेरे, चाकूबाज, जिलाबदर एवं रासुका के तहत कार्रवाई वाले आरोपियों सहित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की जानकारी खंगाली गई। संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए संबंधितों को अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
होटल, लॉज और सार्वजनिक स्थानों पर भी जांच
अभियान के दौरान होटल, लॉज, रैन बसेरा, ढाबे, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस ने विशेष चेकिंग की। सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर भी सख्ती दिखाई। शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा वाहनों में ब्लैक फिल्म, हूटर और मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।
पैदल पेट्रोलिंग के साथ लोगों से किया संवाद
पुलिस अधिकारियों और जवानों ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान आम नागरिकों से संवाद कर साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया। लोगों से कानून और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।
कटनी पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराध की रोकथाम के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।




