एनकेजे पुलिस की अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 75 लीटर महुआ शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
15 हजार रुपये कीमत की हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब जब्त, आरोपी को न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

15 हजार रुपये कीमत की हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब जब्त, आरोपी को न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना एनकेजे पुलिस ने ग्राम ठरका टैंक के पास सिंघनपुरी हार में दबिश देकर 75 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एनकेजे उप निरीक्षक रूपेंद्र राजपूत ने पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को थाना एनकेजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ठरका टैंक के पास सिंघनपुरी हार में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कल्लू लुनिया पिता चूड़ामन, उम्र 48 वर्ष, निवासी गुबराधरी, थाना एनकेजे बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पांच प्लास्टिक के डिब्बों में रखी कुल 75 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
15 हजार रुपये की शराब जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पांच प्लास्टिक डिब्बों से कुल 75 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है, विधिवत जब्त की। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रूपेंद्र राजपूत, सहायक उप निरीक्षक केवल उइके, सहायक उप निरीक्षक सहपाल परतेती, प्रधान आरक्षक 503 अजय सिंह एवं आरक्षक 513 रणविजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




