महानदी के 5 घाटों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से खुदवाए गड्ढे; अवैध रेत परिवहन के रास्ते किए बंद
Katni

महानदी के 5 घाटों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से खुदवाए गड्ढे; अवैध रेत परिवहन के रास्ते किए बंद,
कटनी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए बड़वारा पुलिस, खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए महानदी के पांच घाटों से अवैध रेत परिवहन के रास्तों को बंद कराया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से रास्तों पर गड्ढे खुदवाए गए, ताकि इन मार्गों का उपयोग कर रेत का अवैध परिवहन न किया जा सके।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पांच घाटों पर पहुंची संयुक्त टीम
बड़वारा थाना क्षेत्र में महानदी के विभिन्न घाटों से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन किए जाने की शिकायतों और प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस, खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने संबंधित क्षेत्रों में कार्रवाई की।
इस दौरान ग्राम गुड़ाकलां, विलायतखुर्द, देवरी, भदौरी नंबर-01 और बसाड़ी स्थित महानदी के पांच घाटों पर जेसीबी मशीन से अवैध रेत परिवहन में इस्तेमाल होने वाले रास्तों पर गड्ढे खुदवाए गए। साथ ही, इन रास्तों को अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे वाहनों की आवाजाही रोककर अवैध परिवहन पर अंकुश लगाया जा सके।
अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कवायद
प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य नदी घाटों से अवैध रूप से रेत निकालने और उसके परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मार्गों को बंद करना है। संबंधित विभागों के समन्वय से की गई इस कार्रवाई के जरिए अवैध रेत परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया गया है।
कार्रवाई में तहसीलदार बड़वारा ऋषि गौतम, खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा और थाना प्रभारी बड़वारा सुयश पाण्डेय की प्रमुख भूमिका रही।




