
कैमोर। दशहरा एवं दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से 8 अक्टूबर को कैमोर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर की ट्रैफिक, विद्युत, सुरक्षा एवं पार्किंग व्यवस्था सहित एसीसी रामलीला मैदान में विजयादशमी के दौरान जुटने वाली भारी भीड़ को लेकर चर्चा की गई।थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ धारा 185 एवं चालानी कार्रवाई जारी रखने की बात कही। वहीं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एसीसी क्वारी खदान स्थित विसर्जन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।बैठक में रामलीला मैदान के झूला ग्राउंड में झूलों के दामों का मुद्दा भी उठा। बताया गया कि छोटे बच्चों के झूले 20 से 30 रुपये और बड़े झूले 30 से 40 रुपये में रहेंगे। इसके अलावा ओवरलोड हाइवा वाहनों पर कार्रवाई एवं सड़कों पर उड़ने वाली धूल को रोकने पानी का छिड़काव कराने की मांग भी नागरिकों ने रखी।बैठक में एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे, थाना प्रभारी आशीष शर्मा, नायब तहसीलदार राजीव श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष भवानी राजा मिश्रा, नगर परिषद उपाध्यक्ष संतोष केवट सहित पार्षद, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।




