टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

थाने पहुंचीं छात्राएं, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के गुर सीखे

Katni

थाने पहुंचीं छात्राएं, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के गुर सीखे,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी रीठी। पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जानकारी से विद्यार्थियों को व्यावहारिक रूप से परिचित कराने के उद्देश्य से रीठी डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने रीठी थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से संवाद कर पुलिसिंग की प्रक्रिया और अपराध नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं को समझा।
थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद ने छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने साइबर ठगी से बचाव के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया।
थाना प्रभारी ने छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और सड़क पर सावधानी बरतने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम में जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में छात्राएं तत्काल परिजनों अथवा पुलिस से संपर्क करें।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने छात्राओं को कानून और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की पहल को उपयोगी बताया।
उप प्राचार्य डॉ. मनोज खरे सहित कॉलेज स्टाफ ने भी कार्यक्रम को छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण बताया। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल किए और थाना की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
कार्यक्रम में डॉ. सुरेंद्र राजपूत, डॉ. मनोज खरे, जूनी राजपूत, डॉ. वीरेंद्र राजपूत, डॉ. ज्योति राजपूत, भानु प्रताप मिश्रा, भोलाराम पटेल, भारत पटेल, डॉ. आर.के. निगम, सुनील सेन, नंदिनी मरकाम सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!