टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

बिना एसएमएस के धान कटाई करना पड़ा भारी, हार्वेस्टर जब्त; चालक और मालिक पर एफआईआर दर्ज

कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर उमरियापान पुलिस की कार्रवाई, स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के बिना हो रही थी धान की कटाई,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) के हार्वेस्टर से फसल कटाई करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर उमरियापान पुलिस ने बिना एसएमएस के धान की कटाई करते पाए जाने पर एक हार्वेस्टर जब्त कर चालक और वाहन मालिक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सहलावन पिपरिया में बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के हार्वेस्टर से धान की कटाई की जा रही है। सूचना पर उमरियापान पुलिस मौके पर पहुंची, जहां सुनील कोल के खेत में हरे रंग के हार्वेस्टर क्रमांक MP-04-WA-8442 से धान की कटाई होते पाई गई।

जांच के दौरान हार्वेस्टर में न तो स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) लगा मिला और न ही बेलर की व्यवस्था पाई गई। पुलिस ने चालक शेख हलीम (36 वर्ष), निवासी ग्राम अल्ली, जिला रायसेन से पूछताछ की। चालक ने भी हार्वेस्टर में एसएमएस नहीं लगे होने की बात स्वीकार की। साथ ही उसने हार्वेस्टर का मालिक जितेंद्र कुमार, निवासी रायसेन होना बताया।

इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में हार्वेस्टर जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया। प्रशासनिक आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर चालक शेख हलीम और हार्वेस्टर मालिक जितेंद्र कुमार के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है।

किसानों और हार्वेस्टर संचालकों से प्रशासन की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि जिले में पराली जलाना प्रतिबंधित है। किसान फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करते हुए उन्हें जलाने के बजाय रबी फसल की बोनी में उपयोग करें। वहीं हार्वेस्टर संचालकों को भी निर्देशित किया गया है कि स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम का अनिवार्य रूप से उपयोग कर ही फसल कटाई करें, ताकि नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण और नरवाई जलाने पर नियंत्रण के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!